बोकारो: झारखंड के बहुचर्चित तेतुलिया वन भूमि घोटाले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में झारखंड पुलिस की अपराध अनुसंधान विभाग (CID) ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अजहर हुसैन और अख्तर हुसैन के रूप में हुई है, जो उक्त भूमि के कथित मालिक बताए जा रहे हैं।
सीआईडी की टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर रांची ले जाने की प्रक्रिया पूरी की। इन दोनों पर 87 एकड़ वन भूमि को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निजी संपत्ति दिखाकर बेचे जाने का गंभीर आरोप है। हालांकि, इस पूरे घोटाले का कुल दायरा 103 एकड़ जमीन का बताया जा रहा है, जो राज्य की कीमती वन भूमि में आती है।
इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी अलग से जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि वन भूमि को निजी दिखाकर बेचने का यह मामला राज्य की सबसे बड़ी जमीन धोखाधड़ी में से एक माना जा रहा है। सीआईडी ने इस पूरे घोटाले को लेकर पहले ही मामला दर्ज किया था, जिसके बाद जांच तेज हुई और अब गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू हुई है।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार करने, बेचे जाने की प्रक्रिया और उससे जुड़े अन्य नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। जल्द ही इस घोटाले से जुड़े अन्य लोगों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।
रिपोर्टर: चुमन कुमार, बोकारो