Jamshedpur: चक्रधरपुर के झामुमो नेता और विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि समरेश सिंह उर्फ गुड्डू सिंह पर जमशेदपुर में अपराधियों ताबड़तोड़ फायरिंग की है। फायरिंग में गुड्डू सिंह गोली लगी है और घायल अवस्था में उसे जमशेदपुर के टीएमएच ले जाया गया है, जहां उसका ईलाज जारी है।
Jamshedpur: विधायक प्रतिनिधि पर फायरिंग
घटना जमशेदपुर के भीड़भाड़ वाले इलाके बिष्टुपुर के खाओ गली में और जमशेदपुर विधायक सरयू राय के घर से चंद कदम की दूरी पर घटी है। अपराधियों ने डीएम मदन स्कूल (केएमपीएम वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर) के ठीक सामने रात साढ़े आठ बजे इस घटना को अंजाम दिया है। इस हमले में समरेश सिंह उर्फ गुड्डू को गोली लगी है और घायल अवस्था में लोगों की मदद से आनन-फानन में टीएमएच ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि गोलियों की आवाज सुनते ही खाओ गली में भगदड़ मच गयी। दुकानदारों ने तुरंत अपनी-अपनी दुकानें बंद कर दीं और लोग इधर-उधर भागने लगे। चंद मिनट में पूरा इलाका खाली हो गया और सन्नाटा पसर गया।
Jamshedpur: मामले की जांच में जुटी पुलिस
इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की चारों ओर से घेराबंदी कर ली। पुलिस के द्वारा मौके पर फॉरेंसिक टीम भी बुलाया गया है। घटनास्थल से गोलियों के खोखे बरामद कर लिए गए हैं। फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
Jamshedpur: विधायक सुखराम उरांव के खास में से एक
चक्रधरपुर के विधायक सुखराम उरांव के प्रतिनिधि गुड्डू सिंह पर हुए इस हमले के बाद राजनीतिक गलियारों में भी हलचल तेज है। गुड्डू सिंह विधायक सुखराम उरांव के सबसे खास लोगों में से एक हैं। फिलहाल घायल गुड्डू सिंह का इलाज जारी है और पुलिस हमलावरों की तलाश में छापामारी कर रही है। बताया जा रहा है कि गुड्डू सिंह आइसक्रीम खा रहे थे, तभी उन पर अज्ञात हमलावरों ने गोली चलायी और मौके से फरार हो गए।
जमशेदपुर से लाला जबीन की रिपोर्ट