लोहरदगा : चंदवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सासाराम से राउरकेला जा रही एक यात्री बस मवाटोली के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार यात्री सासाराम, राउरकेला और औरंगाबाद जैसे विभिन्न जिलों से संबंधित बताए जा रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस तेज रफ्तार में थी और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और बस चालक से पूछताछ की जा रही है। घायलों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने का कार्य भी प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।